श्रीविद्या उपासक · देवी साधक

जगदंबा के चरणों में समर्पित जीवन

देवी उपासना, श्रीविद्या साधना और जगदंबा सप्तशृंगी आईसाहेब की नित्य पूजा के माध्यम से मैं अपना जीवन आदिशक्ति की सेवा में अर्पित करता हूँ।

महाराज के पूजास्थल में फूलों की मालाओं से सजा सप्तशृंगी आईसाहेब का विग्रह और सामने रखी पूजन सामग्री
जगदंबा सप्तशृंगी आईसाहेब · नाशिक
लाल और सुनहरे वस्त्रों में श्री महंत ऋषिकेश नंदगिरी, माथे पर लाल तिलक
श्री महंत ऋषिकेश नंदगिरी

महाराज का परिचय

मेरी आध्यात्मिक यात्रा

नमस्कार, मैं श्री महंत ऋषिकेश नंदगिरी हूँ। मैं श्रीविद्या का उपासक और देवी का साधक हूँ। अंतरराष्ट्रीय किन्नर अखाड़े से मेरा जुड़ाव मेरे परिचय का एक हिस्सा है। यहाँ मैं अपनी ओर से अपनी आध्यात्मिक यात्रा, अपनी परंपराओं और आदिशक्ति की सेवा में मिले अनुभवों को साझा करता हूँ।

इस व्यक्तिगत वेबसाइट के माध्यम से मेरी इच्छा है कि लोग पारंपरिक विधियों और रीति-रिवाजों का अर्थ समझें और देवी उपासना के माध्यम से भगवती की भक्ति और कृपा का अनुभव कर सकें। आदिशक्ति की सेवा करना और देवीभक्ति का भाव अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना मेरा सबसे बड़ा उद्देश्य है।

मेरी देवीभक्ति की नींव बचपन में पड़ी। सप्तशृंग में विराजमान जगज्जननी भगवती आदिशक्ति माता सप्तशृंगी मेरी आराध्य देवी और हमारे परिवार की कुलदेवी हैं। बचपन से उनके चरणों की ओर मेरा मन खिंचता था। मेरे माता-पिता ने मुझे सिखाया कि वही हमारी आईसाहेब हैं और उनके चरणों में श्रद्धा से माँगने वाले भक्तों पर जगदंबा भरपूर कृपा करती हैं।

मेरी माँ ने मुझे आध्यात्मिक संस्कार दिए। उनकी प्रेरणा से मुझे दुर्गा सप्तशती, देवी अथर्वशीर्ष और गणपति अथर्वशीर्ष का शुद्ध उच्चारण के साथ पाठ करने में रुचि हुई। उन्हीं संस्कारों ने मेरे हृदय में देवीभक्ति की अखंड ज्योति जलाई। सृष्टि के सभी देवी-देवता वंदनीय हैं। माँ आदिशक्ति के प्रति मेरे मन में विशेष आस्था, असीम प्रेम और गहरा अपनापन है।

“जगदंबा के चरणों में समर्पित जीवन, श्रीविद्या साधना के मार्गदर्शन में एक आध्यात्मिक यात्रा और भक्ति के माध्यम से आदिशक्ति से जुड़ने का विनम्र प्रयास।”

वह प्रार्थना जिसने मेरा जीवन बदल दिया

मेरे जीवन में एक बहुत कठिन समय आया, जब मेरी माँ के प्राण संकट में थे। उस समय मुझे न जटिल मंत्र-विधियाँ आती थीं, न गहन साधना का ज्ञान था। मेरे पास माँ के लिए एक व्याकुल पुकार, आईसाहेब पर अटूट श्रद्धा और एक सरल प्रार्थना थी। मेरी माँ संकट से बच गईं। मैंने इसे आईसाहेब की कृपा के रूप में अनुभव किया, मानो देवी ने उन्हें नया जीवन दिया हो।

उस अनुभव ने मेरे जीवन की दिशा बदल दी। मैंने आईसाहेब के चरणों में अपना पूरा जीवन समर्पित करने का संकल्प लिया। उन्हीं की कृपा से मेरी भक्ति और लोकसेवा की यात्रा शुरू हुई।

“हे माँ, तुम मेरे भाग्य में वैभव लिखो या निर्धनता, मेरे जीवन में कैसी भी परिस्थिति आए, मेरी हर साँस केवल तुम्हारी उपासना और सेवा के लिए हो। संसार के भँवर में फँसे हर व्याकुल भक्त को राह दिखाने और संकट से उबरने में उसकी सहायता करने के लिए मैं सदा तत्पर रहूँगा।”

मेरे गुरु और काली कुल परंपरा

मैं प्राचीन और पवित्र काली कुल परंपरा में श्रीविद्या का उपासक हूँ। आदिशक्ति के विविध रूपों के चिंतन, देवीभक्ति, मंत्र-साधना और पारंपरिक उपासना से मैं अपनी साधना को और गहरा करने का प्रयास करता हूँ। श्रद्धा, अनुशासन, भावना की शुद्धता और पूर्ण समर्पण मेरा मार्गदर्शन करते हैं।

साधना की इस यात्रा में मुझे अनेक अलौकिक और रहस्यमय अनुभव हुए। सबसे अनमोल सीख मुझे अपने पूज्य गुरु महाराज से मिली। उनके ये वचन आज भी मेरी साधना और आईसाहेब की नित्य सेवा का सार हैं।

“वे साक्षात् जगदंबा हैं। तुम्हारे जैसे उनके करोड़ों भक्त हैं, पर हम बच्चों की माँ तो वही एक हैं!”

मेरे पूज्य गुरु महाराज के वचन, मराठी से अनूदित

देवी उपासना

आईसाहेब के चरणों में

नाशिक में मेरे घर के छोटे से मंदिर में अठारह भुजाओं वाली महिषासुरमर्दिनी के रूप में सप्तशृंगी आईसाहेब का विग्रह विराजमान है। श्रीविद्या परंपरा के अनुसार यहाँ महामेरु, श्रीयंत्र और देवपंचायतन की भी शास्त्रोक्त स्थापना की गई है। मैं इस पूजास्थल को आदिशक्ति की जीवंत उपस्थिति और ऊर्जा का केंद्र मानता हूँ। उनकी नित्य सेवा मेरे लिए साँस लेने जितनी आवश्यक है।

पूजा, अर्चना, अभिषेक, शृंगार पूजा, आरती और अन्य अनुष्ठानों से मैं आईसाहेब की सेवा करता हूँ। देवी उपासना अपनी श्रद्धा, समर्पण, आंतरिक शांति और माँ के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त करने का मेरा मार्ग है। मेरी कामना है कि देवी के दर्शन, उनकी उपासना और भक्तिमय वातावरण से दूसरों को भी श्रद्धा, सकारात्मकता और मन की शांति मिले।

आईसाहेब की नित्य सेवा

हमारी परंपरा में नित्य उपासना पूरी होने तक पानी की एक बूँद भी नहीं पीते। सेवा भोर से शुरू होती है। शास्त्रोक्त विधि से पंचामृत और शुद्ध जल से अभिषेक करता हूँ और कुंकुमार्चन में आईसाहेब को कुमकुम अर्पित करता हूँ।

सुबह और शाम मैं आईसाहेब को नैवेद्य अर्पित करता हूँ और आरती करता हूँ। श्रद्धा, अनुशासन और शुद्ध भाव से मैं यह नित्य सेवा करता हूँ।

नवरात्र और विशेष तिथियाँ

हिंदू पंचांग में हर महीने की अष्टमी, अमावस्या, पूर्णिमा, प्रदोष, एकादशी और संकष्टी चतुर्थी की पवित्र तिथियों पर विशेष महापूजा और अनुष्ठान होते हैं। देवी उपासना में नवरात्र और महारात्रियों का विशेष महत्त्व है। हम वर्ष के चारों नवरात्र उत्साह और परंपरा के साथ मनाते हैं।

  • चैत्र नवरात्र
  • आषाढ़ गुप्त नवरात्र
  • शारदीय नवरात्र (आश्विन)
  • माघ गुप्त नवरात्र (मातंगी)

शाक्त परंपरा में चारों महारात्रियाँ गूढ़ और साधना के लिए फलदायी मानी जाती हैं। इन रातों में हम विशेष साधना और जागरण करते हैं। आईसाहेब की कृपा से यह नित्य सेवा और साधना वर्ष भर चलती रहती है।

पूजा · दीक्षा · साधना

पूजा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन

आध्यात्मिक प्रगति, शास्त्रोक्त विधि और साधना की सही दिशा चाहने वाले व्यक्तियों और परिवारों का मैं स्वागत करता हूँ। मार्गदर्शन का उद्देश्य है कि साधना के सहारे लोग जीवन के तनावों का स्थिर मन से सामना करें, आत्मिक शांति पाएँ और घर का वातावरण सकारात्मक बनाएँ। मैं अंधविश्वास को बढ़ावा दिए बिना अपनी परंपरा के अनुष्ठानों का अर्थ और शास्त्रोक्त विधि समझाता हूँ।

पूजा और अर्चना
पहली बार सीखने वालों को पूजा की तैयारी, अर्पण और देवता के पवित्र नामों के पाठ से शुरुआत करके घर पर पूजा करना विस्तार से और आत्मीयता से सिखाता हूँ।
अभिषेक
मैं अभिषेक के नियम और शास्त्रोक्त विधि समझाता हूँ और अभिषेक करना सिखाता हूँ।
देवी का शृंगार
देवता का, विशेषकर देवी का, शृंगार कैसे करें, यह बारीकियों के साथ करके दिखाता हूँ। शृंगार की भक्तिकला में रुचि रखने वाले भी इसे सीख सकते हैं।
श्रीविद्या दीक्षा
मैं श्रीविद्या परंपरा की विभिन्न प्रकार की दीक्षाएँ देता हूँ। दीक्षा का उद्देश्य साधक को साधना की नींव, आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव और आगे बढ़ने की दिशा देना है।

कौन भाग ले सकता है?

उम्र, लिंग या पूर्वज्ञान की कोई शर्त नहीं है। घर पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान करना चाहने वाले व्यक्ति व परिवार, सीखने की जिज्ञासा रखने वाले नए लोग और श्रीविद्या, दीक्षा या देवी के शृंगार जैसी भक्तिकलाओं में रुचि रखने वाले साधक भाग ले सकते हैं।

पूजा की छोटी-से-छोटी बात से लेकर उन्नत साधना तक, मैं हर चरण सरल ढंग से सिखाता हूँ। मेरा उद्देश्य है कि हर व्यक्ति आत्मविश्वास से स्वयं पूजा और साधना कर सके और परंपराओं, अनुष्ठानों तथा देवीभक्ति के गहरे अर्थ को समझ सके।

साधना आध्यात्मिक यात्रा की नींव है। भगवती काली की उपासना में ध्यान, पूज्य प्रतिमा और प्रत्यक्ष पूजाविधि का दैनिक साधना से क्या संबंध है, यह मैं एक-एक चरण में समझा सकता हूँ। किन्नर और ट्रांसजेंडर साधकों का भी मैं अपने अनुभव के आधार पर मार्गदर्शन कर सकता हूँ।

देवी दर्शन

महाराज के छायाचित्रों और नवरात्र की रिकॉर्डिंग में आईसाहेब की पूजा देखें। महाराज ने ये अनुष्ठान रिकॉर्ड किए ताकि श्रद्धालु जहाँ भी हों, दर्शन कर सकें और अभिषेक, पूजा तथा अलंकार जैसे अनुष्ठानों का अनुभव कर सकें।

नाशिक से महाराज का भक्तिमय वीडियो फ़ेसबुक पर देखें · २२ नवंबर २०२६

नवरात्र की पूजा देखें

  • भाद्रपद पूर्णिमा · नवरात्र की आमंत्रण पूजा

  • दूसरा दिन · शिवप्रिया उमा

  • तीसरा दिन · अलंकार पूजा

  • चौथा दिन · नारायणी स्वरूप

पूजा के लिए संपर्क और कार्यक्रमों के निमंत्रण

पूजा, श्रीविद्या दीक्षा, आध्यात्मिक मार्गदर्शन या भक्तिकला सीखने के लिए आप मुझसे संपर्क कर सकते हैं। व्यक्ति, परिवार, आश्रम और मंडल किसी आध्यात्मिक कार्यक्रम या भेंट के आयोजन के लिए भी संपर्क कर सकते हैं।

यदि आप नाशिक आना चाहते हैं, हमारी परंपराओं के बारे में जानना चाहते हैं या भक्तिमय गतिविधियों में भाग लेना चाहते हैं, तो कृपया संपर्क करें। भारत और विदेश के आश्रमों और आध्यात्मिक संस्थाओं की पूछताछ का भी स्वागत है।

विदेश के श्रद्धालु भी निमंत्रण के लिए मुझसे संपर्क कर सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया जाने की मेरी विशेष इच्छा है। पूजा या कार्यक्रम का निमंत्रण देते समय कृपया शहर और देश, संभावित तारीखें और आप क्या आयोजित करना चाहते हैं, यह बताएँ।

लाल और सुनहरे वस्त्रों में श्री महंत ऋषिकेश नंदगिरी, माथे पर लाल तिलक

अपनी पूछताछ भेजें

मार्गदर्शन, दीक्षा, मुलाक़ात या निमंत्रण के बारे में महाराज को लिखें।

महाराज आपकी पूछताछ का उत्तर आपके ईमेल पर दे सकेंगे।

पूजा के लिए अनुरोध करें

महाराज को बताएँ कि पूजा किस अवसर पर और कहाँ करवाना चाहते हैं।

महाराज आपकी पूछताछ का उत्तर आपके ईमेल पर दे सकेंगे।